
कतरास: धनबाद जिले के बाघमारा अंचल अंतर्गत तिलाटांड़ में भू-माफियाओं द्वारा फर्जी कागजातों के सहारे पुश्तैनी खतियानी जमीन हड़पने का मामला अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वार तक पहुंच गया है। कतरास बाजार निवासी मुकेश सिंह ने मुख्यमंत्री सचिवालय, झारखंड सरकार में लिखित शिकायत देकर भू-माफियाओं, उनके सहयोगियों और धनबाद के अवर निबंधन पदाधिकारी (सब-रजिस्ट्रार) के खिलाफ उच्चस्तरीय जांच कर कड़ी कार्रवाई, तथा एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की है।
क्या है पूरा मामला
शिकायत के अनुसार, मौजा तिलाटांड़ (खाता सं० 11) में उनकी 71 डिसमिल भूमि है। पीड़ित मुकेश सिंह के परिवार का दावा है कि यह उनकी पुश्तैनी जमीन है, जिस पर उनका न केवल प्रत्यक्ष रूप से कब्जा है बल्कि 2017 तक का अंचल का वैध रसीद भी उसके पास मौजूद है। पीड़ित का आरोप है कि उसके पड़ोस की सोनिया देवी ने फर्जी कागजात तैयार कर भू-माफिया हरि मोहन सिंह और उसके पोते राहुल सिंह को अवैध रूप से कुल 14 डिसमिल जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर दी।
उन्होंने सब-रजिस्ट्रार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि सब रजिस्ट्रार ने बिना किसी वैध दस्तावेज के नियमों को ताक पर रखकर इस अवैध रजिस्ट्री को कैसे होने दिया। शिकायत के बाद भी उन्होंने भू-माफियाओं पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।
भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने मुख्यमंत्री से भू-माफिया हरि मोहन सिंह, राहुल कुमार, सोनिया देवी, गवाह तथा पद के दुरुपयोग के आरोपी सब-रजिस्ट्रार धनबाद पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का मांग किया।
पीड़ित ने इस मामले की प्रतिलिपि उपायुक्त (धनबाद), एसएसपी धनबाद, महानिरीक्षक(निबंधन) राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, मुख्य सचिव झारखण्ड सरकार सहित अन्य कई विभागों को कार्रवाई हेतु सौंपी है। पीड़ित ने कहा कि जब तक भूमाफियाओं पर कार्रवाई नहीं होगी तब तक वे चुप नहीं बैठने वाले हैं।
