धनबाद (तोपचांची) : चितरपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में रविवार को शराबबंदी एवं नशामुक्ति को लेकर ग्रामीणों की एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया सीताराम महतो ने की, जबकि संचालन जितेंद्र महतो ने किया। कार्यक्रम के अंत में मोहन दास ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बैठक में चितरपुर पंचायत के विभिन्न टोलों से बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक के बाद ग्रामीणों ने केदुवाडीह, पिपराडीह, मझंलाडीह सहित आसपास के गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने तथा गांवों में इनके कारोबार को रोकने की अपील की।
इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं ने नशे के दुष्प्रभावों से लोगों को अवगत कराते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि नशा परिवार और समाज दोनों के लिए घातक है, इसलिए सभी को इसके खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाना होगा। कार्यक्रम में सदानंद महतो ने बताया कि यह नशामुक्ति अभियान जल्द ही दुमदुमी, रामाकुण्डा, नैरो सहित तोपचांची प्रखंड की अन्य पंचायतों में भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक कर नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके। इस मौके पर कृष्णकांत मेहता, रामसेवक महतो, मधुसूदन महतो, समिति की अध्यक्ष रुक्मिणी देवी, देवंती देवी, बबिता देवी, सरिता देवी, सुनीता देवी, डिगनी देवी, कृषक मित्र दुर्गा प्रसाद महतो, त्रिवेणी महतो सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।