
कतरास: कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत लिलोरी स्थान शाखाटांड़ रेलवे फाटक के समीप बुधवार को एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने साइकिल सवार पेपर हॉकर को कुचल दिया। स्थानीय लोगों द्वारा उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ढांगी बस्ती (फूलवार) निवासी आनंद महतो (48 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंद महतो रोज़ाना की तरह अखबार बांटकर लगभग 2:30 बजे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाखाटांड़ रेलवे फाटक के पास एक तेज़ रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें चपेट में ले लिया और कई मीटर तक घसीटते हुए ले गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका चेहरा पूरी तरह क्षत विक्षत हो गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया एनएच जाम, मौके पर पहुंचे बाघमारा सीओ और कतरास पुलिस
घटना की खबर फैलते ही ढांगी बस्ती के लगभग 300 से अधिक ग्रामीणों ने सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी के नेतृत्व में शाखाटांड़ रेलवे फाटक के समीप एनएच 32 को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दुर्घटना और सड़क जाम की सूचना मिलते ही बाघमारा अंचल अधिकारी गिरजानंद किस्कू और कतरास थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने तथा दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासनिक आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और घंटों लगा जाम समाप्त कराया जा सका मृतक आनंद महतो अपने पीछे दो नाबालिग बेटों को छोड़ गए हैं। सूत्रों के अनुसार, कुछ समय पूर्व उनके बड़े भाई की भी कतरास थाना अंतर्गत कांको मोड़ के समीप सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। एक ही परिवार में दोबारा हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
गाड़ी जब्त कर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है – थाना प्रभारी कतरास
वहीं कतरास पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, लगभग 2:00 से 3:00 बजे अपराह्न में एक उजले रंग के स्कोर्पियो गाड़ी के चालाक द्वारा तेजी एवं लापारवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए एक साइकिल सवार को लिलौरी फाटक के पास धक्का मारकर जख्मी करते हुए जानबूझकर गाड़ी लेकर भाग गया । घायल व्यक्ति को पुलिस पार्टी द्वारा अविलंब प्राथमिकी उपचार हेतु निचितपुर हॉस्पिटल ले जाया गया जहां डॉक्टर द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान कांको ढ़ागी निवासी आनंद महतो के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए धक्का मारकर भागने वाले स्कोर्पियो गाड़ी JH10CF5166 को उसके मालिक के घर से बरामद कर लिया गया है। गाड़ी मालिक द्वारा उक्त गाड़ी को पानी से धोकर अपने घर के गैरेज में छुपाकर रखा गया था। प्रारंभिक सूचना के अनुसार गाड़ी मालिक ही गाड़ी चला रहा था। पुलिस द्वारा अग्रेतर प्राथमिकी दर्ज कर विधी सम्मत कार्यवाई की जा रही है।
