
कतरास : कतरास क्षेत्र में लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं से मंडराते खतरे ने स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है। कतरास के अस्तित्व को बचाने के लिए समाजसेवी चुन्ना यादव की अगुवाई में ‘कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा’ एवं पार्षद प्रत्याशी रहे छोटू पासवान की अगुवाई में छाताबाद बचाओ संघर्ष मोर्चा ने रविवार की शाम जनजागरूकता अभियान चलाकर जन-आंदोलन का बिगुल फूंक दिया। अभियान के जरिए लोगों से अपनी जमीन, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एकजुट होने का आह्वान किया गया। इस अभियान में सैकड़ो लोगों ने हिस्सा लिया। अभियान के दौरान “हमारी जमीन, हमारा भविष्य”, “सुरक्षित जीवन, स्वच्छ पर्यावरण, सुरक्षित कतरास”, “भू-धंसान रोको, कतरास बचाओ” और “विनाश नहीं, विकास चाहिए” जैसे जोरदार नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। मोर्चा ने स्पष्ट रूप से आम लोगों को संदेश देते हुए कहा कि “आज आवाज उठाओ, तो कल बचा पाओगे।”
बीसीसीएल की मनमानी पर सवाल, DGMS से कार्रवाई की मांग
मोर्चा ने बीसीसीएल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए “बीसीसीएल की मनमानी नहीं चलेगी” और “डीजीएमएस कार्रवाई करे” के नारे लगाकर प्रबंधन को घेरा। चेतावनी दी गई कि यदि धंसान रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो उग्र जनआंदोलन किया जाएगा।संघर्ष मोर्चा ने सीधे केंद्रीय कोयला मंत्री और उच्च अधिकारियों से कतरास में प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। मोर्चा ने स्पष्ट कहा कि कतरासवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रभावित क्षेत्रों के लिए ठोस पुनर्वास नीति तुरंत लागू की जानी चाहिए।
