
कतरास : कतरासगढ़ रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर स्थित लकड़का 4/5 नंबर रेलवे ग्राउंड पर कथित अतिक्रमण और अवैध निर्माण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे की कीमती जमीन पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा धड़ल्ले से निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे बच्चों के भविष्य और खेलकूद पर सीधा असर पड़ रहा है।
बच्चों का भविष्य दांव पर, सिकुड़ रहा खेल के मैदान का दायरा
स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह मैदान वर्षों से रेलवे कर्मचारियों और आसपास के बच्चों के खेलने का मुख्य स्थान रहा है। लेकिन हाल के दिनों में मैदान की जमीन पर लगातार अतिक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है। अवैध निर्माण के कारण बच्चों के खेलने के लिए जगह लगातार कम होती जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों और रेलकर्मियों के परिजनों में खासा रोष है।
रेलवे अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने रेलवे के उच्च अधिकारियों से तुरंत हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है। मांग की गई है कि अधिकारी जल्द से जल्द स्थल का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच करें। लोगों का कहना है कि यदि जांच में रेलवे की जमीन पर कब्जे की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और अतिक्रमण हटाया जाए।
फिलहाल, पूरा मामला सामने आने के बाद अब स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों की निगाहें रेलवे प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
