
कतरास : आगामी दुर्गा पूजा को लेकर श्री श्री सार्वजनिक रानी बाजार दुर्गा पूजा समिति की तैयारियां पूरे शबाब पर हैं। मंगलवार को पूजा पंडाल परिसर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समिति के अध्यक्ष रणजीत रवानी ने पूजा आयोजन से जुड़ी तमाम खास जानकारियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए ‘मयूर पैलेस’ की तर्ज पर एक अत्यंत आकर्षक और भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी ऊंचाई लगभग 60 फीट और चौड़ाई 80 फीट होगी।
25 लाख का पंडाल और चितरंजन के कारीगरों की कलाकारी
अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि इस भव्य पूजा पंडाल का निर्माण पश्चिम बंगाल के चितरंजन से आए ‘तपन डेकोरेटर’ द्वारा लगभग ₹25 लाख की लागत से किया जा रहा है। वहीं, पंडाल को भव्य रूप देने के लिए विद्युत सज्जा का काम बाघमारा के ही ‘आरसी साउंड’ को सौंपा गया है। इसके अलावा, धनबाद के प्रसिद्ध मूर्तिकार दुलार पाल द्वारा ₹1.70 लाख की लागत से मां दुर्गा की अत्यंत आकर्षक प्रतिमा तैयार की जा रही है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम: 150 वालंटियर और CCTV से होगी निगरानी
पूजा के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। समिति के अनुसार, पंडाल परिसर में करीब 150 वालंटियर मुस्तैद रहेंगे। इसके अलावा पूरे परिसर पर CCTV कैमरों के जरिए पैनी नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए महिला एवं पुरुष पुलिस बल की भी तैनाती रहेगी। त्योहार के दौरान बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए खास झूलों के साथ एक विशाल मेले का भी आयोजन किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के तमाम पदाधिकारी और सदस्य एकजुट हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अध्यक्ष रणजीत रवानी (बाबू), उपाध्यक्ष बलवीर सिंह उर्फ राजू सरदार, सचिव अभय सिंह, सह सचिव हरजीत सिंह सलूजा, कोषाध्यक्ष छोटू पासवान, जितेंद्र दास, विनोद सिंह, गोलू लहेरी, रवि रवानी, मुकेश सिंह, रंजीत गंभीर, मोहित कुमार साव, कृष्ण कुमार रवानी, अनुज कुमार, गोपाल सिंह, छोटू रजक, राजेश प्रजापति, राजा सिंह, अभिजीत सिंह, राजीव रंजन सिंह, दीपक गुप्ता, सुनील गंभीर, सुनील सिंह समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।
