
बोकारो : यूजीसी कानून के विरोध में आज झारखंड के चंदनक्यारी में आज स्वर्ण समाज के लोग सड़कों पर उतर आए और केंद्र सरकार के खिलाफ न केवल जमकर नारेबाजी की, बल्कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध भी दर्ज कराया।
चंदनकियारी के मुख्य चौक पर आज भारी संख्या में स्वर्ण समाज के लोग एकत्रित हुए। इनका आरोप है कि यूजीसी के नए नियम और नीतियां सामान्य वर्ग के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। प्रदर्शनकारियों का आक्रोश इतना अधिक था कि उन्होंने बीच सड़क पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका। सिर्फ इतना ही नहीं, आंदोलनकारियों ने यूजीसी कमेटी के चेयरमैन और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी निशाने पर लिया और उनके प्रतीकात्मक पुतले जलाकर अपनी नाराजगी भी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नए बदलावों से सामान्य वर्ग के छात्रों और शैक्षणिक अवसरों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
स्वर्ण समाज ने इसे अपने अस्तित्व और अधिकारों की रक्षा के लिए आर-पार की जंग’ करार दिया है। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार इन निर्णयों को वापस नहीं लेती है, तो यह आंदोलन उग्र रूप लेगा। पुतला दहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन भी मुस्तैद नजर आया।
