
कतरास : महुदा राजगंज फॉर लेन सड़क पर सिनिडीह कांटा के समीप शुक्रवार को एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जब महुदा से राजगंज की ओर जा रही एक ट्रक संख्या जेएच 10डीई- 7228 ने दसवीं कक्षा की मैट्रिक परीक्षा देने जा रही छात्राओं की मारुति ओमनी वैन जेएच 09AA 8926 को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मारुति वैन तुरंत पलट कर क्षतिग्रस्त हो गई। वैन पलटने से वैन का ड्राइवर और उसमें सवार सभी छात्राएं घायल हो गई। जिसमें मारुति वैन का ड्राइवर और दो छात्राएं गंभीर बताई जा रही है।जिस समय यह हादसा हुआ उस समय मारुति वैन में कुल आठ से नौ लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी आठ छात्राएं दसवीं बोर्ड की परीक्षा देने के लिए महुदा केबीआर हाई स्कूल महुदा से राजेंद्र बालिका मध्य विद्यालय कतरास परीक्षा देने जा रही थी। तभी यह दुर्घटना घटी।


आंशिक उपचार के बाद जख्मी हालत में छात्राओं ने दी परीक्षा, ट्रक जब्त
घटनास्थल पर उपस्थित ग्रामीणों ने सभी छात्राओं को इलाज के लिए कतरास के एक निजी अस्पताल में भेजा गया। अस्पताल में सभी छात्राएं परीक्षा देने की जिद कर रही थी इसके बाद सभी छात्राओं को परीक्षा केंद्र पहुंचाया गया जहां विद्यालय के परीक्षा विभाग के द्वारा छात्राओं के सुविधा अनुसार अलग कमरे में परीक्षा लेने की बात कही जा रही है। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ट्रक को लेकर भागने में सफल रहा। वह तो गनीमत रही की सोनारडीह फाटक बंद होने के कारण ट्रक आगे नहीं जा सका और पुलिस ने ट्रक को ट्रक चालक सहित पड़कर वापस मधुबन थाना ले आई है। सभी छात्राएं छत्रूटांड़ के 20/21 मुरलीडीह, लाल बंगला इलाके के बताई जा रही हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
