
कतरास: कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का बस्ती में शनिवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। आरोप है कि कथित तौर पर अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त रिंकू रजवार ने दबंगई दिखाते हुए राजेंद्र रजवार की जमीन पर जबरन रास्ता बनाने की कोशिश की।
विरोध करने पर रिंकू रजवार, टिंकू रजवार समेत अन्य लोगों द्वारा आदित्य रजवार, बसंती देवी, सीता देवी, राजेंद्र रजवार और काशीवर्णी रजवार के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कतरास थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही कतरास थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस दौरान काशीवर्णी रजवार ने आरोप लगाया कि रिंकू रजवार अवैध कोयला कारोबार में शामिल है और उसी के दम पर जमीन कब्जाने की कोशिश कर रहा है।

पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही रिंकू रजवार व अन्य लोग मौके से फरार बताए जा रहे हैं। वहीं, रिंकू रजवार के घर के पीछे करीब तीन ट्रैक्टर कोयला और दो ट्रैक्टर खड़े मिलने की भी चर्चा है। हालांकि, उसके परिजनों ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है।
इधर, राजेंद्र रजवार और काशीवर्णी रजवार का दावा है कि संबंधित जमीन उनकी है और उनके पास वैध खतियान भी मौजूद है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
