
कतरास: धनबाद जिले के कतरास से एक अत्यंत ही चिंताजनक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। कतरासगढ़ में स्थित गुजराती हिंदी मध्य विद्यालय की शिक्षिका भावना चौहान को विद्यालय प्रबंध समिति ने पिछले 17 महीना से मानदेय नहीं दिया है। जिससे उसका घर-परिवार चलना मुश्किल हो गया है। भावना चौहान ने बताया कि वह 2 जनवरी 2002 से विद्यालय में मात्र 2540 रुपये मासिक वेतन पर पढ़ा रही हैं। उनके पास जीविका चलाने का कोई अन्य साधन नहीं है। इसलिए वो बहुत मजबूर होकर कम वेतन में भी शिक्षण कार्य करने को विवश हैं। इस संबंध में उन्होंने कई बार विद्यालय प्रबंधन समिति एवं संबंधित सरकारी विभागों से लिखित और मौखिक शिकायत की। लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
बकाया वेतन की मांग करने पर अध्यक्ष ने फेसबुक में फोटो अपलोड कर भीख मांगने को कहा- भावना चौहान
शिक्षिका भावना को केवल भयावह आर्थिक संकट से ही नहीं गुजरना पड़ रहा है। बल्कि विद्यालय प्रबंध समिति के दुर्व्यवहार और अमर्यादित भाषा का भी सामना करना पड़ रहा है। भावना ने जो बताया उससे इंसानियत को भी शर्म आ जायेगी। भावना ने बताया कि एक बार तबियत खराब रहने के कारण उसकी मां स्कूल में मेरा बकाया वेतन मांगने गई ताकि इलाज में कुछ मदद मिल जाये लेकिन विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष ने बकाया वेतन देने के बजे मेरी मां को जो कहा उससे मेरी मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने कहा कि जब पैसे का इतना ही जरूरत है तो बेटी( शिक्षिका भावना)को कहो कि फेसबुक में फोटो डालेगी, उसे भीख में पैसा मिल जाएगा। प्रबंध समिति के अध्यक्ष के द्वारा एक महिला को कही गई यह बातें न केवल इंसानियत को शर्मसार करती है बल्कि उसके स्वयं के आचरण का प्रमाण पत्र भी देती है। सवाल उठता है कि क्या एक शिक्षिका अपनी मेहनत मेहनताना नही मांग सकती है? क्या वो अधिकार नहीं मांग सकती है? क्या अपना अधिकार वेतन मांगने पर उसे फेसबुक में फोटो डालकर भीख मांगने का सलाह दिया जाएगा?
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मामले में उच्च अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेने एवं सख्त कार्रवाई करना चाहिए। भावना ने यह भी आरोप लगाया कि जब भी बकाया वेतन और वेतन वृद्धि की मांग की जाती है तो विद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें काम छोड़ने की सलाह दी जाती है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से यह प्रतीत होता है कि उन्हें जबरन हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
अधिकारियों को आवेदन देकर 20 अप्रैल से सत्याग्रह पर बैठने की दी चेतावनी
भावना चौहान ने इस संबंध में एसडीओ सहित कई संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर बकाया वेतन, नियमित भुगतान तथा नियमानुसार वेतन वृद्धि दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मांगे नहीं मानी गई तो 20 अप्रैल से विद्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और सत्याग्रह पर बैठेगी।
