
कतरास: धनबाद जिला अंतर्गत कतरास बाजार के नियम हाई स्कूल में निर्माणाधीन भवन निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत पर शिक्षा विभाग के कनीय अभियंता राजेश कुमार सोमवार को भवन निर्माण कार्य देखने पहुंचे। मौके पर शिकायतकर्ता बाघमारा विधायक प्रतिनिधि चितरंजन कुमार भी उपस्थित रहे। चितरंजन कुमार एवं अन्य लोगों ने अभियंता को एक-एक कर निर्माण कार्य में बरती गई अनियमिताओं को दिखाया और गिनाया तथा इससे होने वाले नुकसान और खतरे से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान अभियंता ने देखा कि जहां-जहां दरार दिखाया गया था, वहां वहां ऊपर से रंग-रोधन कर दिया गया है जो की दीवारों में स्पष्ट पता चल रहा था। इसके अलावा शौचालय एवं टंकी के निर्माण तथा अन्य त्रुटियों को भी दिखाया गया।
दीवारों में दरारें बहुत माइनर है, भवन को कोई खतरा नहीं है- राजेश कुमार(जेईई)
अभियंता राजेश कुमार ने कहा की उनकी देख रेख में ही निर्माण कार्य किया जा रहा है। डीईओ के निर्देश पर निर्माण कार्य देखने के लिए पहुंचे हैं। पाइप नहीं लगाने संबंधित शिकायत की गई थी जो की पाइप को लगा दिया गया है। शौचालय निर्माण को लेकर कहा कि डीपीआर में शौचालय निर्माण तो है लेकिन टंकी बनाने का नहीं है। दीवारों में जो भी दरारें आई है वो बहुत ही माइनर है, इससे भवन को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि अपने स्तर से किया गया निरीक्षण की एक रिपोर्ट बनाकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को दे दिया जाएगा। इसके बाद जांच टीम आकर पूरे भवन निर्माण की जांच करेगी।
जब तक जांच अच्छी तरह न हो जाए भवन निर्माण कार्य में रोक लगे – चितरंजन कुमार
मौके पर मौजूद शिकायतकर्ता बाघमारा विधायक प्रतिनिधि चितरंजन कुमार ने कहा कि निर्माण कार्य में घोर लापरवाही और अनियमितता बरती गई है। शिक्षा विभाग के अभियंता को भौतिक निरीक्षण करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक अच्छी तरह से भवन निर्माण का जांच पड़ताल नहीं हो जाता है तब तक भवन निर्माण कार्य पर पूरी तरह से रोक लगना चाहिए। यह बच्चों के सुरक्षित भविष्य का सवाल है।
