
कतरास : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुजराती हिंदी मध्य विद्यालय कतरास की शिक्षिका भावना चौहान पिछले 17 महीना से वेतन भुगतान नहीं किए जाने के मामले को लेकर भूख हड़ताल व अनिश्चितकालीन धरना में बैठी। भावना के साथ उसकी मां कुसुम चौहान, बेटा विनीत चौहान एवं स्कूल के कुछ अन्य शिक्षक भी धरने पर बैठे। वही क्षेत्र के जाने-माने आरटीआई कार्यकर्ता सह ग्राम स्वराज अभियान के संस्थापक जगत महतो एवं भारतीय जनता पार्टी ने भी इस धरना को समर्थन देते हुए धरना में शमिल हुए।
शिक्षिका भावना चौहान ने बताया कि इसके पूर्व के कमेटी में भी 8 महीना का मानदेय नहीं मिला था जबकि वर्तमान कमेटी में भी 9 महीना का मानदेय नहीं मिला है। 17 महीने से वेतन भुगतान नहीं होने के कारण घर में आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है जिसके कारण विवश होकर अपने परिवार सहित धरने पर बैठने को मजबूर हूं। उन्होंने कहा कि जब तक मानदेय भुगतान नहीं हो जाएगा तब तक धरना जारी रहेगा।
शिक्षिका के हक अधिकार की लड़ाई में भाजपा शिक्षिका के साथ खड़ी है – सूर्यदेव मिश्रा
भारतीय जनता पार्टी कतरास मंडल अध्यक्ष सूर्यदेव मिश्रा ने कहा कि पिछले 17 महीना से एक शिक्षिका का वेतन रोककर रखना समझ से परे है। कमेटी व जिला प्रशासन को इस पर अविलंब संज्ञान लेते हुए भुगतान करना चाहिए। भावना की इस हक अधिकार की लड़ाई में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता साथ है। स्थानीय अतीश साव ने कहा कि लंबे समय से शिक्षिका यहां ईमानदारी पूर्वक शिक्षण कार्य करते आ रही है। इनका वेतन रोके रखना किसी भी स्थिति में न्याय संगत नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द शिक्षिका को वेतन भुगतान कराने का आग्रह किया।
घर की नौकरानी से भी कम है शिक्षिका का वेतन, सारे अभिलेखों का जांच हो- जगत महतो
आरटीआई कार्यकर्ता जगत महतो ने कहा कि 2002 में शिक्षिका भावना चौहान का वेतन निर्धारण हुआ है जो की मात्र 2540 रुपया है। देखा जाए तो घर के नौकरानी से भी कम है शिक्षिका का वेतन। किन परिस्थितियों में इतने कम वेतन का निर्धारण हुआ जो कि अब तक वहीं चलते आ रहा है। ऊपर से 17 महीना से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से मांग करता हूं कि पूरे अभिलेखों का जांच पड़ताल, वित्तीय लेनदेन का जांच पड़ताल करते हुए जल्द से जल्द भावना चौहान सहित अन्य शिक्षकों का वेतन भुगतान करना सुनिश्चित करें।
प्रभारी प्रधानाध्यापक नोटिस का जवाब दे तभी होगी आगे की कार्रवाई – नितेश ठक्कर
स्कूल का संचालन कर रहे गुजराती समाज की कमेटी के अध्यक्ष नीतीश ठक्कर ने बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक आशुतोष पांडेय को नोटिस निर्गत कर एक सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहा गया है उन्होंने कहा कि स्कूल में दो फर्जी अकाउंट चल रहे हैं। नोटिस का जवाब मिलने के बाद ही भावना चौहान को वेतन भुगतान करने संबंधित आगे का करवाई किया जाएगा।
शिक्षिका का चयन कमेटी द्वारा हुआ है, वेतन भुगतान करना भी कमेटी की जिम्मेदारी है -आशुतोष पाण्डेय
वहीं प्रभारी प्रधानाध्यापक आशुतोष पांडे ने कहा कि कोई फर्जी अकाउंट नहीं चल रहा है यदि ऐसा होता तो अब तक मुझ पर कार्रवाई हो चुकी होती। सरकार के गाइडलाइन से एसएमसी चल रहा है जिसे वह अपने कब्जे में लेना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से मुझे नोटिस निर्गत कर मुझ पर दबाव बनाने का कोशिश कर रहे हैं। शिक्षिका का चयन कमेटी के द्वारा किया गया है ना कि सरकार के द्वारा। अतः शिक्षिका का वेतन भुगतान कराने का जिम्मा कमेटी को है। स्कूल के बच्चों का फीस भी कमेटी के पास ही जाता है।
धरना की जानकारी मिलने पर पूर्व वार्ड पार्षद विनायक गुप्ता, गुजराती समाज के पूर्व प्रमुख किरीट चौहान एवं अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। सभी लोगों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि कतरास गुजराती समाज की एक बैठक बुलाकर सर्वसम्मति से नितेश ठक्कर को कमेटी के अध्यक्ष पद से पद मुक्त किया जाएगा एवं कमेटी का पुनर्गठन किया जाएगा। इसके बाद सभी लोगों ने आग्रह कर भावना चौहान को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त करवाया तथा बताया गया कि जब तक भावना चौहान को 17 महीना का वेतन नहीं मिल जाएगा तब तक धरना जारी रहेगा। मौके पर विनायक गुप्ता, सूर्य देव मिश्रा, जगत महतो, चंदन चावला, विनय पासवान, किरीट चौहान, रविंद्र विजन, बिहारी लाल मोहन, किरण चावड़ा, कुमकुम चोटालिया, दीपक वेंकट, नूतन वेंकट, महेंद्र चौहान, सुधा दोषी, भावेश दोषी, निरंजन टांक, देवेंद्र पांडे, मीनाक्षी यादव, भावना दोषी, सोनल मेहता, सौरभ गुप्ता सहित अन्य कई लोग मौजूद थे।
