
कतरास : डॉ राजेंद्र प्रसाद सेवा संस्थान (राजेंद्र क्लब), कतरास में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्यक्रम को लेकर एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में मुख्य रूप से मतदाताओं का डेटा को सुरक्षित कर मैपिंग कार्य किया गया।
कैंप के दौरान विभिन्न बूथों के बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) आम लोगों का मैपिंग कार्य कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक, यह मैपिंग का कार्य अगले कुछ दिनों तक लगातार जारी रहेगा ताकि कोई भी छूटे नहीं।
इस महत्वपूर्ण अभियान की निगरानी के लिए अंचल निरीक्षक बाघमारा और स्थानीय पार्षद डॉ. मधुमाला कैंप में विशेष रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने कार्य का जायजा लिया और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वार्ड पार्षद डॉ. मधुमाला ने स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे इस कैंप का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकार को मजबूत करें।
मैपिंग के लिए क्या है नियम?
कैंप में आए कई नागरिकों की मैपिंग का कार्य मौके पर ही पूरा कर लिया गया। वहीं अधिकारियों की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया कि जिन मतदाताओं का मैपिंग कार्य अभी तक नहीं हो पाया है, वे एक विशेष नियम के तहत इसे पूरा करवा सकते हैं। यदि उनके माता-पिता का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची (वोटर लिस्ट) में दर्ज है, तो वे उसके आधार पर अपनी मैपिंग आसानी से करवा सकते हैं।
