पूरी(ओडिशा) : पुरी में भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हो गई। ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से पूरा पुरी गूंज उठा। भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ क्रमशः नंदीघोष, तालध्वज और दर्पदलन रथों पर विराजमान होकर गुंडिचा मंदिर की यात्रा के लिए रवाना हुए।
रथ यात्रा के दौरान पुरी में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है, लेकिन खराब मौसम भी श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं रोक सका। भारी बारिश के बावजूद लाखों श्रद्धालु भगवान के दर्शन और रथ खींचने के लिए सड़कों पर उमड़ पड़े।
भारी भीड़ और बारिश को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। रथ यात्रा मार्ग पर जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।