
कतरास/धनबाद : धनबाद अंचल के मनईटांड़ चिल्ड्रन पार्क निवासी मोहम्मद असलम और उनके परिवार ने कुछ दबंग लोगों पर उनकी पुस्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। जमीन के समीप आयोजित प्रेस वार्ता में परिवार ने दावा किया कि बिपिन राव सहित कुछ लोग विवादित भूमि की मापी कराने पहुंचे थे और लगातार जमीन हड़पने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी उपायुक्त, एसडीएम और धनसार थाना में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।
मोहम्मद असलम ने कहा कि वर्ष 1991 में कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया था। मामला न्यायालय पहुंचा, जहां वर्ष 2007 में उनके पक्ष में डिक्री पारित हुई। इसके बावजूद वर्ष 2010 में फिर से याचिका दायर कर उन्हें परेशान किया गया। उनका आरोप है कि वर्षों से उनकी पुस्तैनी जमीन हड़पने की साजिश रची जा रही है।
परिवार के अनुसार मामला मौजा मनईटांड़, थाना धनसार स्थित प्लॉट संख्या 79 (13 डिसमिल) और प्लॉट संख्या 80 (20 डिसमिल) से जुड़ा है। उनका दावा है कि इस जमीन पर उनके पूर्वज कई दशकों से निवास और खेती करते रहे हैं तथा न्यायालय भी उनके अधिकार को मान्यता दे चुका है। इसके बावजूद कुछ लोग धमकी देकर और कथित रूप से रंगदारी मांगकर जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि 11 जून को उनकी जमीन पर बनी संरचनाओं में तोड़फोड़ और आगजनी की गई, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा है और क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। इस संबंध में धनसार थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है। परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा उनकी पुस्तैनी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
बता दे कि उक्त सभी आरोप मोहम्मद असलम और उनके परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
