
कतरास: मंगलवार को एक तरफ जहां ईडी ने बाघमारा सहित पूरे कोयलांचल में कई ठिकानों पर रेड डाली, वहीं दूसरी ओर सीआईएसएफ ने भी मंगलवार को अवैध कोयला खनन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। धर्माबांध ओपी क्षेत्र अंतर्गत बाबुडीह के जंगल में सीआईएसएफ ने छापेमारी कर लगभग 22 हाइवा अवैध कोयला जब्त किया गया। जब्त कोयले का कुल वजन करीब 280 टन आंका गया है। छापेमारी अभियान का नेतृत्व सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट पी. के. तनवार ने किया।
डिप्टी कमांडेंट पी. के. तनवार ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर एरिया-3 के अंतर्गत बबनडीहा एवं बाबूडीह बस्ती के पास जंगलों में की गई। इस दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा छुपाकर रखे गए कोयले को बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान सीआईएसएफ के साथ बीसीसीएल गोविंदपुर एरिया-3 के अधिकारी भी मौजूद थे। जब्त किए गए सभी 22 हाइवा कोयला को बीसीसीएल गोविंदपुर एरिया-3 प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया है। डिप्टी कमांडेंट तनवार ने कहा कि अवैध खनन और कोयला तस्करी के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बाबुडीह जंगल में लंबे समय से अवैध कोयला खनन का कारोबार संचालित होने की चर्चा रही है। आरोप है कि यहां अवैध रूप से निकाले गए कोयले को ट्रको के माध्यम से अन्य राज्यों में भेजा जाता था। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, मामले में स्थानीय पुलिस प्रशासन की कथित मिलीभगत के भी आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन इस संबंध में किसी सक्षम अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सीआईएसएफ की इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
