
क्लिनिक छोड़कर भागे आरोपी डॉक्टर और स्टाफ, पुलिस ने किया सील
कतरास: धनबाद जिला के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामडीह चौक,नियर बाबा क्लिनिक के समीप स्थित सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर में अवैध गर्भपात के दौरान किरण कुमारी नामक 23 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता राजेंद्र कुमार के अनुसार, उनकी पुत्री को अवैध गर्भपात के लिए उक्त केंद्र पर लाया गया था, जहां बिना किसी चिकित्सीय मानक के गलत तरीके से गर्भपात कराया गया। इस दौरान डॉक्टर की लापरवाही और अत्यधिक रक्तस्राव होने मरीज की स्थिति बिगड़ गई। स्थिति गंभीर हो जाने पर क्लीनिक के संचालक सचिन कुमार केवट उर्फ पवन कुमार केवट द्वारा मरीज को संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनकर मृतक के परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। इधर श्यामडीह बाबा क्लिनिक के समीप स्थित सेंट्रल डायग्नोस्टिक में जहाँ अवैध गर्भपात कराया गया था वहां से आरोपी डॉक्टर और सभी नर्सिंग स्टाफ क्लीनिक खुला छोड़ फरार हो गए हैं। मौके पर गर्भपात के अवशेष पाए गए। मौके पर पहुंची कतरास पुलिस ने गिरफ्तारी और कार्रवाई का भरोसा देते हुए उक्त सेंट्रल डायग्नोस्टिक को सील कर दिया है तथा आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मृतका के ममेरा भाई चंद्रिका कुमार ने बताया कि मृतका की पहले से 2 साल की एक बेटी है। दोबारा गर्भ धारण करने पर ससुराल पक्ष के द्वारा धनबाद में किसी स्थान पर लिंग जांच(भ्रूण परीक्षण) करवाया गया। गर्भ में लड़की होने के कारण श्यामडीह स्थित सेंट्रल डायग्नोस्टिक में अवैध तरीके से गर्भपात कराया गया। जहां चिकित्सक की लापरवाही और संसाधन की कमी मरीज की मौत हो गई। चंद्रिका कुमार ने कहा कि मामले में एक नहीं दो हत्या का केस दर्ज होना चाहिए। भ्रूण हत्या पूरे भारत में प्रतिबंधित है। वहीं मरीज की भी जान चली गई। 2 साल की नन्ही सी बेटी अब बिन मां के कैसे रहेगी। उन्होंने आरोपी डॉक्टर समेत सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने और नन्ही बच्ची के जीवन यापन के लिए तत्काल उचित मुआवजे की मांग की है। कहा कि जब तक गिरफ्तारी नहीं हो जाती है और मुआवजे का लिखित आश्वासन नही मिल जाता है तब तक पोस्टमार्टम नहीं होने दिया जाएगा। मामले में डीएसपी बाघमारा अजीत कुमार विमल ने बताया कि भ्रूण हत्या और महिला की मौत की जानकारी मिली है। पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई की जा रही है। त्वरित कार्रवाई करते हुए सेंट्रल डायग्नोस्टिक के संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं मिली जानकारी के अनुसार मृतिका के पति को पुलिस हिरासत में रखा गया है।
बता दे कि लिंग परीक्षण और भ्रूण हत्या पूरे भारत में प्रतिबंधित है। स्थानीय लोगों ने इस पूरे मामले में विस्तृत जांच और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है ताकि आगे इस तरह की शर्मनाक और दर्दनाक घटना ना घटे।
