
कतरास/तेतुलमारी : ज्ञान वाटिका फाउंडेशन ने तेतुलमारी एवं आसपास के क्षेत्रों में हरित सेवा अभियान” चलाकर “शिवार्पण संग्रह करने में सफलता हासिल की। फाउंडेशन ने महाशिवरात्रि के बाद विभिन्न शिवालयों से बेलपत्र, पुष्प एवं अन्य जैविक पूजन सामग्री का वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल तरीके से संग्रह किया। अभियान के तहत फाउंडेशन के सदस्यों ने क्षेत्र के लगभग 51 शिवालयों का भ्रमण कर करीब 5 क्विंटल जैविक पूजन सामग्री एकत्रित की। इस पहल का उद्देश्य पूजन सामग्री के उचित प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और हरित चेतना को बढ़ावा देना रहा। सामान्यतः पूजा सामग्री के अनियंत्रित विसर्जन से पर्यावरण प्रभावित होता है, लेकिन इस अभिनव प्रयास ने संरक्षण की दिशा में सार्थक पहल प्रस्तुत की।

अभियान में फाउंडेशन के सदस्यों के साथ-साथ विभिन्न मंदिर समितियों ने भी सक्रिय सहयोग और उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। सामूहिक प्रयास और समर्पण ने इस कार्यक्रम को जनसहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण बना दिया। इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक-सह-अध्यक्ष हिमांशु चंद्रवंशी ने कहा कि “शिवार्पण – हरित सेवा अभियान” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था और प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करने का सशक्त प्रयास है।

उन्होंने सभी सदस्यों और मंदिर समितियों का आभार व्यक्त करते हुए लोगों से ‘भगवान को अर्पण, प्रकृति को समर्पण’ की भावना के साथ पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।फाउंडेशन ने भविष्य में भी ऐसे जनहित और पर्यावरण संवर्धन से जुड़े अभियान जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
