
कतरास: दुर्गा कॉलोनी कोलडंप एक बार फिर पानी की समस्या से जूझ रहा है। पिछले कई दिनों से दुर्गा कॉलोनी में पानी का सप्लाई बंद है। जिसके कारण सैकड़ो क्वार्टर में रह रहे हजारों लोग पानी की समस्या से परेशान हैं। आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। लोगों को पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है। पानी के अभाव में खाना बनाने, बर्तन व कपड़ा धोने, नहाने, पीने एवं अन्य कार्यों में बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

ऑपरेटर शूकर सिंह पैसा लेने के बावजूद पानी नहीं दे रहा है, निगम से शिकायत की हूं- जानकी देवी
दुर्गा कॉलोनी निवासी जानकी देवी एवं अन्य कई लोगों ने बताया कि लगभग 1 महीने से नगर निगम का सप्लाई पानी सप्लाई नहीं किया जा रहा है। शुकर सिंह नाम के ऑपरेटर के द्वारा ही दुर्गा कॉलोनी में पानी सप्लाई किया जाता है। उन्होंने ऑपरेटर शुकर सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि हर महीना सभी क्वार्टर वालों से ₹100 लेने के बावजूद भी मार्च महीने में पानी नहीं दिया गया। इस कॉलोनी में 360 क्वार्टर हैं। कुछ क्वार्टर को छोड़कर सभी क्वार्टर में कनेक्शन लिया हुआ है। पानी सप्लाई करने वाला ऑपरेटर कनेक्शन लेने वाले लगभग सभी क्वार्टरों से हर महीने सौ – सौ रुपया करके लेते हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नगर निगम के अधिकारी से शिकायत की है।
किसी से पैसा नहीं लिया जाता है, आरोप गलत है- शूकर सिंह (ऑपरेटर)
इस संबंध में सप्लाई ऑपरेटर सुकर सिंह ने कहा कि किसी भी क्वार्टर वाले से कोई पैसा नहीं लिया जाता है, यह उन्हें बदनाम करने की साजिश है। एक महीने से पानी सप्लाई नहीं करने की बात गलत है। एक दिन छोड़कर एक दिन लगभग सबको 15 से 20 मिनट तक पानी मिल रहा है, इसकी पुष्टि मीटर से की जा सकती है। आज भी सबको पानी मिला है। ये सच है कि मशीन खराब होने की वजह से 2-3 दिन पानी सप्लाई बाधित हुआ था। लेकिन अब मशीन ठीक हो गया है। अब पहले की तरह ही सबको पानी मिलेगा। उन्होंने बताया कि एक पानी टंकी पर पूरा कतरास निर्भर है। टंकी में पानी जमा होने में काफी समय लगता है। इसी टंकी के पानी से एक नंबर वार्ड और तीन नंबर वार्ड के कई क्षेत्रों में पानी आपूर्ति करना पड़ता है। वार्ड नंबर 1 में मिश्रा टोला, टंडा बस्ती, राजबाड़ी, शिक्षक कॉलोनी, सिलेक्टर, गुहीबांध, कलाली फाटक, केशलपुर, बस स्टैंड, दुर्गा कॉलोनी सहित अन्य कई जगहों में पानी सप्लाई किया जाता है।
मौखिक शिकायत मिला है, लिखित शिकायत करने के बाद आगे की कार्रवाई होगी – नगर निगम अधिकारी
वहीं इस मामले में नगर निगम के अधिकारी से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि मौखिक शिकायत मिला है। संबंधित अधिकारी को लिखित शिकायत करने को कहा गया है। शिकायत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में पानी सप्लाई करने के लिए अवैध रूप से पैसे उगाही करने की पुष्टि होती है तो दोषी व्यक्ति पर अवश्य कार्रवाई होगी।
