
कतरास : कतरास बाजार वार्ड संख्या एक अंतर्गत राजबाड़ी क्षेत्र में भीषण पेयजल संकट की समस्या के समाधान हेतु वार्ड संख्या एक के पूर्व पार्षद सह रेल दो या जेल दो आंदोलन के मुख्य नेतृत्वकर्ता डॉ विनोद कुमार गोस्वामी के नेतृत्व में शुक्रवार को पांच सदस्य प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद मंडल रेल प्रबंधक(डीआरएम) और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) के कार्यपालक अभियंता को मांग पत्र सौंपते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। इसकी एक प्रति रेल मंत्रालय (भारत सरकार) नई दिल्ली को भी भेजी गई है।

डॉ गोस्वामी ने बताया कि आवेदन की प्रतिलिपि एसडीओ कार्यालय में भी दे दी गई है। वहीं इस संबंध में धनबाद नगर आयुक्त आशीष गंगवार से मुलाकात भी की गई है। कहा कि नगर आयुक्त ने इस समस्या को गंभीरता से सुना और मामले में सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया है।

पूर्व पार्षद ने दी “रेल दो या जेल दो” की तर्ज पर जल दो या जेल दो आंदोलन की चेतावनी
डॉ गोस्वामी ने कड़े शब्दों में कहा कि रेलवे और पीएचडी विभाग अगले 48 घंटे के भीतर आपसी तालमेल बैठकर इस समस्या को जड़ से खत्म करने की प्रक्रिया शुरू करें अन्यथा जनता का आक्रोश किसी भी समय उग्र आंदोलन का रूप ले सकता है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा में धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ तो “रेल दो या जेल दो” आंदोलन की तर्ज पर “जल दो या जेल दो” आंदोलन के तहत ऐतिहासिक रेल चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन शुरू होते ही कतरासगढ़ से एक भी मालगाड़ी (कोयला रैक) गुजरने नहीं दिया जाएगा। अब पानी के हक के लिए भी आर पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चेतावनी मेरी नहीं बल्कि उस आक्रोशित जनता की है जिसका सब्र अब टूट चुका है। पानी नहीं तो कोयला नहीं।
मांग पत्र सौंपने के दौरान प्रतिनिधि मंडल में डॉक्टर विनोद गोस्वामी के साथ प्रमोद लाला, किश पंडित, मनोज तिवारी, बैलून रवानी सहित अन्य आंदोलनकारी उपस्थित थे।
