
कतरास: कतरास क्षेत्र के राजबाड़ी में पेयजल संकट को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नगर अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद डॉ. विनोद गोस्वामी ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए आंदोलन की चेतावनी दे दी है।
डॉ. गोस्वामी ने प्रभावित वार्डों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों की वादाखिलाफी को उजागर किया। उन्होंने बताया कि पीएचईडी विभाग ने 7 दिनों के भीतर पाइपलाइन मरम्मत कार्य शुरू करने का लिखित आश्वासन दिया था। लेकिन 5 दिन बीत जाने के बाद भी जमीनी स्तर पर कोई काम शुरू नहीं हुआ है।
डॉ. विनोद गोस्वामी ने स्पष्ट कहा कि कुछ लापरवाह अधिकारी अपनी सुस्ती से लोगों को परेशान कर रहे हैं। यदि समय सीमा में समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो “रेल दो या जेल दो” आंदोलन की तर्ज पर कतरास से कोयला परिवहन पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक क्षेत्र की जनता प्यास से जूझती रहेगी, तब तक रेलवे के जरिए कोयले का परिवहन नहीं होने दिया जाएगा। डॉ. गोस्वामी ने बताया कि वे एक प्रतिनिधिमंडल के साथ धनबाद जाकर अधिकारियों को अंतिम चेतावनी पत्र भी सौंपेंगे। जनसंपर्क अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय महिला-पुरुष शामिल हुए और आंदोलन को समर्थन दिया।
