
कतरास : राज्य पर्यटन संवर्धन समिति की एक बैठक रांची में आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न मुद्दों और विषयों के साथ-साथ राज्य के विभिन्न पर्यटक क्षेत्र पर चर्चा की गई। इस सूची में धनबाद जिले के कुल 20 पर्यटक स्थलों को चिन्हित किया गया। चिन्हित किए गए पर्यटक स्थलों में लिलोरी मंदिर कतरास, मां देश वाली मंदिर कच्छी बलिहारी, मोहलबनी काली मंदिर, श्री श्री रामराज मंदिर, बिरसा मुंडा पार्क, मां झोरबुद्धि गर्म कुंड, रेजली डैम, शक्ति मंदिर, शिव मंदिर, पथरा कुल्ही, गौरी शंकर धाम, वन काली मंदिर, प्रियदर्शनी पार्क, श्री बुढ़ा बाबा शिव मंदिर, दलदली आश्रम, दुख हरनी मंदिर, कल्यानेश्वरी मंदिर, लिलोरी मंदिर गंगापुर, राजातालाब और राजा गढ़ मंदिर, गरम कुंड चरकखुर्द एवं भागुड़ी डैम है।

श्री बुढ़ा बाबा शिव मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष लखन प्रसाद महतो ने जताई खुशी
बाघमारा विधानसभा अंतर्गत 9 वीं सदी की धरोहर प्राचीन शिव मंदिर श्री बुढ़ा बाबा शिव मंदिर झिंझिपहाड़ी, लिलोरी मंदिर कतरास बाजार एवं राम राज मंदिर चिटाहीधाम के राज्य सरकार के द्वारा पर्यटन स्थल के लिए अधिसूचित होने पर श्री बुढ़ा बाबा शिव मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष लखन प्रसाद महतो एवं ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब अपने धरोहर की सुरक्षा, संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ क्षेत्र वासियों के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ेगी। आर्थिक उपार्जन के साथ-साथ क्षेत्र का विकास भी बढ़ेगा।
