
कतरास: धनबाद जिले के जोगता थाना अंतर्गत तेतुलमुड़ी बस्ती निवासी सुनीति कुमारी ने सिजुआ एरिया 5 के महाप्रबंधक को पत्र लिख कर बताया कि वो एक समाजसेविका है। समाज में हो रहे अनैतिक कार्यों का विरोध वो लगातार करते आई है। तथा इसके खिलाफ वे लगातार आवाज भी उठाती रही है। उन्होंने जीएम को दिए पत्र के माध्यम से बताया कि 22/12 भूली क्वार्टर तेतुलमुड़ी बस्ती के समीप पिछले दो महीना से कुछ अज्ञात लोगों द्वारा ओपन मीनिंग कर अवैध रूप से कोयला निकासी किया जा रहा है। यह कार्य मेरे घर से सटे फुटबॉल ग्राउंड में हो रहा है। साथ ही साथ हैवी ब्लास्टिंग भी किया जा रहा है। जिससे सभी ग्राम वासी दहशत में रह रहे हैं। यदि कोई आवाज उठाता है तो मारने पीटने की धमकी दी जाती है। जिसके कारण कोई भी विरोध करने की हिम्मत नहीं कर रहा है। मैं आर्थिक रूप से गरीब महिला हूं। मेरे पति शारीरिक रूप से विकलांग है। मुझे और मेरे परिवार को हर तरह से डराया धमकाया जा रहा है। उन्होंने महाप्रबंधक से सुरक्षित आवास आवंटन करने की मांग की तथा कहा कि मेरे एवं मेरे परिवार के साथ यदि कोई अप्रिय घटना घटती है तो इसकी जिम्मेवारी महाप्रबंधक की होगी।

रेलवे लाइन से 100 मीटर दूर हो रहा है अवैध खनन – ग्रामीण
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 22/12 भूली क्वार्टर तेतुलमुड़ी बस्ती से सटे हुए रेलवे मेंन लाइन से 100 मीटर की दूरी पर अवैध कोयला खनन हो रहा है। जिससे कभी भी रेलवे लाइन में बड़ी घटना घट सकती है। कोयला तस्करों के द्वारा कोयला खनन करने के लिए हैवी ब्लास्टिंग किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है की हैवी ब्लास्टिंग करने के लिए कोयला तस्करों को बारूद कौन उपलब्ध करवा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस पूरे मामले की जांच पड़ताल करने एवं अवैध कोयला खनन पर रोक लगाने की मांग की है।
