
कतरास : गुजराती हिंदी मध्य विद्यालय कतरास में शिक्षिका भावना चौहान का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। भावना चौहान ने बताया कि कमेटी की ओर से अब तक कोई मिलने या वार्ता करने के लिए नहीं आया है हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें बकाया वेतन नहीं मिलेगा तब तक धरना जारी रहेगा। बता दे कि भावना चौहान ने आरोप लगाया है कि उन्हें पिछले 17 महीना से मानदेय नहीं मिला है। जिसके कारण उन्होंने विवश होकर सत्याग्रह का मार्ग अपनाया है।
98 साल पुरानी स्कूल की गरिमा के साथ कतरास का सम्मान जुड़ा है – विजय झा
वही धरना के दूसरे दिन बियाडा के पूर्व अध्यक्ष एवं कोयलांचल के जाने-माने समाजसेवी विजय कुमार झा धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने भावना चौहान के हौसले की प्रशंसा की तथा उसकी हौसला अफजाई की। विजय झा ने कहा कि इस स्कूल का गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। 1928 में इस स्कूल की स्थापना हुई थी तब से लेकर आज तक 98 वर्ष बीत चुके हैं। 2 वर्ष बाद इसकी शताब्दी वर्ष मनाई जाएगी। ऐसे में शिक्षक को अगर अपने वेतन के लिए सत्याग्रह पर बैठना पड़ रहा है तो कतरास वासियों के लिए इससे बड़ी शर्मिंदगी वाली बात और क्या हो सकती है। विजय झा ने कहा कि कमेटी को एवं पूरे समाज को आपस मे बैठकर इस समस्या का समाधान निकालने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
