
कतरास : महुदा के इंटर महाविद्यालय में करोड़ों के कथित भ्रष्टाचार, ईपीएफओ घोटाले और कर्मियों के शोषण जैसे गंभीर आरोपों से घिरे सचिव दीपनारायण शर्मा अब पूरी तरह बेनकाब होते नजर आ रहे हैं। पहले संस्थान के शिक्षकेतर कर्मियों ने धरना देकर उनके खिलाफ मोर्चा खोला, और अब जब स्थानीय पत्रकारों ने इन मुद्दों को प्रमुखता से उजागर किया, तो श्री शर्मा बौखला उठे।

कर्मचारियों के बाद मीडिया पर भी दबाव, ऑडियो वायरल”, एसएसपी से शिकायत
उन्होंने संस्थान के एक बैठक के दौरान की वायरल ऑडियो में न सिर्फ पत्रकारों के खिलाफ अभद्रता बल्कि अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जो साफ सुना जा सकता है, इतना ही नहीं श्री शर्मा ने एक विशेष समुदाय को भी निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियाँ की हैं। यह मामला केवल व्यक्तिगत अभद्रता नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है। स्थानीय पत्रकारों में इस घटना को लेकर जबरदस्त आक्रोश है। पत्रकारों ने मामले को लेकर धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार एवं ग्रामीण एसपी एस. मो. याक़ूब से मुलाक़ात कर मामले से अवगत कराते कार्रवाई की मांग किया हैं। जिस पर धनबाद एसएसपी ने पत्रकारों को आश्वासन दिया कि जल्द ही मामले की जाँच कर कार्रवाई किया जायेगा।
मामले पर कतरास प्रेस क्लब के सचिव सह स्थानीय पत्रकार समिद खान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह केवल पत्रकारों का नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आवाज का सीधा अपमान है। भ्रष्टाचार उजागर करने पर इस तरह की अभद्रता और धमकी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। हम जिला शिक्षा पदाधिकारी और प्रशासन से मांग करते हैं कि श्री शर्मा को तत्काल बर्खास्त कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो पत्रकार आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।”
