
कतरास: धनबाद जिले के खनन क्षेत्रों में लगातार हो रहे भू-धसान, गैस रिसाव और भूगर्भीय अग्नि की घटनाओं को लेकर बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा एवं अन्य लोगों ने गंभीर चिंता जताई है। मामले को लेकर बियाडा के पूर्व चैयरमैन बिजय कुमार झा, जदयू नेता उदय कुमार सिंह, अरविंद कुमार सिंह एवं मंडल समाज के नेता गौतम मंडल ने खान सुरक्षा महानिदेशक (DGMS), धनबाद को एक सामूहिक आवेदन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई एवं पूरे जिले में व्यापक सर्वे कराने की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के अधिग्रहण क्षेत्रों सहित धनबाद के विभिन्न इलाकों में समय-समय पर भू-धसान, गैस रिसाव और भूमिगत आग की घटनाएं हो रही हैं, जिससे जानमाल की क्षति के साथ लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
आवेदनकर्ताओं ने डीजीएमएस द्वारा कोलियरियों के निरीक्षण से संबंधित रिपोर्ट एवं खतरों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की ताकि आमजन को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके। साथ ही यह भी सवाल उठाया गया है कि बीसीसीएल द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन किया गया है या नहीं, इसकी जानकारी भी जनहित में सार्वजनिक की जाये।

कहा कि बीसीसीएल द्वारा चलाए गए कई पुराने खदानो (माइंस) में नियमानुसार बालू भराई नहीं की गई है, जबकि इन क्षेत्रों के ऊपर घनी आबादी निवास कर रही है। इसके अलावा आउटसोर्सिंग कंपनियों द्वारा बड़े बड़े पत्थर (ओवरबर्डन) का पहाड़ खड़ा कर दिया गया है और नदी-नालों के प्रवाह में बाधा उत्पन्न किया जा रहा है, जो खनन नियमों के विरुद्ध है। इन मामलों में तत्काल जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई है। DGMS द्वारा जिला प्रशासन को असुरक्षित और सुरक्षित क्षेत्रों की न्यूनतम जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावित लोगों का समय रहते पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके। बिजय झा ने डीजीएमएस से जनहित, समाजहित एवं राष्ट्रहित में सभी निरीक्षण रिपोर्ट को नियमित रूप से सार्वजनिक करने की मांग की ताकि गैस रिसाव, अग्नि प्रभावित क्षेत्र और भू-धसान संभावित क्षेत्रों की जानकारी समय पर मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
