
कतरास: वार्ड संख्या एक में विकास कार्य कैसे तेजी से हो और वार्ड नंबर एक विकास के मामले में भी एक नंबर कैसे बने इसको लेकर वार्ड की पार्षद डॉ मधुमाला लगातार प्रयासरत है। सोमवार को पार्षद डॉ मधुमाला ने डीसी से मुलाकात कर वार्ड एक में स्थित तेलियाबांध तालाब, जरलाही बस्ती का तालाब एवं भटमुरना तालाब के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार कराने की मांग की। उन्होंने धनबाद उपायुक्त को बताया कि एक बड़ी आबादी उक्त तालाबों पर आश्रित है। पिछले कई सालों से तालाबों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण नहीं होने से हजारों लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त है। इस पर उपायुक्त धनबाद ने सकारात्मक कार्रवाई करने की बात कही तथा बताया कि इस गर्मी में किसी को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े उसके लिए विभाग एवं सरकार लगातार प्रयासरत है और आवश्यक कदम उठा रही है।

हाई मास्ट लाइट एवं स्ट्रीट लाइट लगवाने को लेकर नगर आयुक्त को भी सौंपा ज्ञापन
वहीं वार्ड नंबर एक के कई इलाकों में और प्रमुख स्थलों में हाइ मास्ट लाइट और स्ट्रीट लाइट लगने के बावजूद अभी भी कई अन्य स्थानों में हाइ मास्ट लाइट लगवाने की मांग की जा रही है जिसको लेकर डॉ मधुमाला ने नगर आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपकर शेष स्थानों में भी हाइ मास्ट लाइट लगवाने की मांग की है। उन्होंने नगर आयुक्त को बताया कि वार्ड संख्या एक के ऊपर मोड़ चौराहा, मिश्रा टोला शिव मंदिर, कतरास एलआईसी ऑफिस के सामने और दुर्गा टॉकीज के सामने निर्माणाधीन बजरंगबली मंदिर के पास हाइ मास्ट लाइट की सबसे अधिक आवश्यकता है। उक्त स्थानो पर अंधकार रहने के कारण अक्सर छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती है। साथ ही असामाजिक तत्वों द्वारा छेड़खानी, छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बिजली ऑफिस के पीछे गांधी चौक से राजबाड़ी पुल तक, लिलोरी स्थान फटाक से शाखाटांड़ बस्ती तक, रजवार बस्ती, भट्ठमुरना बस्ती, जरलाही बस्ती, सिलेक्टेड गोविंदपुर बस्ती आदि जगहो पर लगभग 1000 स्ट्रीट लाइट की आवश्यकता है। नगर आयुक्त ने मामले में सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
