
कतरास /बरोरा: पांच मार्च को बेहराकुदर बस्ती मे हुई बमबाजी के घटनाक्रम का नामजद आरोपी शुभम सिंह को न्यायालय से जमानत मिलने के बाद अब बयानबाजी व आरोप-प्रत्यारोप का जुबानी जंग की शुरुआत हो गई है। बुधवार को शुभम सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जहां स्वयं को निर्दोष बताया, वहीं गुरुवार को प्रभाष सिंह ने अपने आवास के समीप प्रेस वार्ता कर शुभम सिंह के सारे दावे को सिरे से खारिज करते हुए उस पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शुभम सिंह खुद अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त है और गुंडागर्दी करता है। शुभम का अपराधिक इतिहास रहा है और पूर्व में काँको में एक होटल संचालक के साथ मारपीट का उनका वीडियो भी वायरल हो चुका है। प्रभाष सिंह ने कहा कि सिर्फ जमानत मिलने से केस खत्म नहीं हो जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि शुभम ने “भाड़े के गुंडों” के साथ उनके घर पर हमला किया था। उन्होंने न्यायालय और पुलिस प्रशासन पर भरोसा जताते हुए कहा की अभी केस समाप्त नही हुई है अभी तो केस का ट्रायल बाकी है।

पांच मार्च को प्रभाष सिंह के घर पर हुआ था बमबाजी
पांच मार्च को प्रभाष सिंह के घर पर बमबाजी और मारपीट की घटना हुई थी। इस घटना के बाद शुभम सिंह करीब दो महीने तक फरार रहा था । अब न्यायालय द्वारा जमानत दिए जाने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। एक तरफ जहां शुभम सिंह इसे कोयला माफिया के खिलाफ लड़ाई बता रहे हैं, वहीं प्रभाष सिंह इसे वर्चस्व और गुंडागर्दी का मामला करार दे रहे हैं। फिलहाल, यह मामला अब न्यायालय के अधीन है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य रूप से अनुज सिंह, ज्वाला सिंह , गोरा मिथुन सिंह , काला मिथुन सिंह , प्रभाष सिंह सहित कई अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
