
कतरास/धनबाद : 32वीं धनबाद जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले भर के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व वियाडा चेयरमैन विजय कुमार झा उपस्थित रहे। वहीं सोशल एक्टिविस्ट गौतम मंडल, कमलेश पांडेय (सचिव), अमर बाउरी (चीफ रेफरी), अश्विनी शर्मा, राहुल बावरी, भवानी चौहान सहित अन्य गणमान्य लोगों की देखरेख में प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि विजय झा ने विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को पारितोषिक प्रदान किया। प्रतियोगिता में धनबाद ताइक्वांडो क्लब ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि द राइट ट्रैक एकेडमी द्वितीय एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहे। मौके पर विजय झा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास एवं बेहतर भविष्य की दिशा प्रदान करता है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
