
कतरास: बकरीद पर्व को लेकर बुधवार को बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में कतरास थाना से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कतरास थाना चौक पहुंचा। फ्लैग मार्च कतरास थाना से शुरू होकर कतरास मस्जिद पट्टी, नदी किनारे, कतरास थाना चौक, छाताबाद, भगत सिंह चौक, श्यामडीह, फुलवार, छड़ीदारडीह, गंगा गौशाला होते हुए कतरास बाजार तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की।
डीएसपी अजीत कुमार विमल ने कहा कि बकरीद के मद्देनजर क्षेत्र में विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से भयमुक्त होकर त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
उन्होंने अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी प्रकार की सूचना सीधे पुलिस प्रशासन को देने की बात कही। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है।
उन्होंने बताया कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा गश्ती भी बढ़ा दी गई है। फ्लैग मार्च में कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, रामकनाली ओपी प्रभारी अलीशा कुमारी, कपूरिया ओपी प्रभारी अमृता खालको, अंगारपथरा ओपी प्रभारी प्रवीण कुमार समेत दर्जनों पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
