
कतरास: महेशपुर कोयला डंप क्षेत्र में सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कस दिया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में कोयला कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार की बीती रात लगभग 1 बजे सीआईएसएफ को जानकारी मिली कि महेशपुर कोयला डंप में एक पेलोडर मशीन संदिग्ध अवस्था में खड़ी है और उसका इस्तेमाल अवैध कोयला कारोबार में किया जा सकता है। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ ने बिना देर किए एक विशेष टीम का गठन कर मौके पर छापेमारी की।
मौके पर पहुंची टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पेलोडर मशीन को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मशीन को आगे की कार्रवाई के लिए मधुबन थाना को सौंप दिया गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उक्त मशीन वहां किसने पहुंचाई थी और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही इस मामले में शामिल लोगों की पहचान भी की जा रही है।
