
कतरास : कतरास बाजार के लाला टोला स्थित बजरंग बली मंदिर प्रांगण में मंगलवार को भारत सामूहिक मंगलाआरती समिति द्वारा समिति की 201वीं भव्य महाआरती एवं धार्मिक कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हो गया। इस पावन अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्तिमय भजनों और हनुमान जी के जयकारों से गुंजायमान रहा।

सुंदर कांड पाठ से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत संध्या 4 बजे हनुमान जी की आराधना के साथ हुई। सुरेश पंडित जी एवं शंकर पंडित जी के सानिध्य में विधि-विधान एवं पवित्र मंत्रोंच्चारण के साथ सुंदर कांड का संगीतमय पाठ संपन्न कराया गया। सुंदरकांड की इतनी सुंदर प्रस्तुति सुनकर मौके पर मौजूद सभी श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। इसके बाद शाम को सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं भव्य भजन कीर्तन का आयोजन किया गया।

भजन गायकों और वाधकों ने बांधा समां
भजन कीर्तन के दौरान कतरास के जाने माने उभरते कलाकार भजन गायक रिंटू बनर्जी, सुरेश दुबे, मणिकांत सहाय, सोनू चौरसिया एवं प्रवीण ठाकुर आदि ने अपनी सुरीली आवाज से पूरा समां बांध दिया। एक से बढ़कर एक सुंदर भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस संगीत को आकर्षक बनाने में विनोद साव, ध्रुव देशवाली, गणेश मोदक आदि वाद्य यंत्र कलाकारों का विशेष योगदान रहा। इन सभी कलाकारों की जुगलबंदी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं वार्ड पार्षद डॉ मधुमाला
इस भव्य धार्मिक समागम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड संख्या एक के पार्षद श्रीमती डॉ. मधुमाला एवं जाने माने चिकित्सक डॉ स्वतंत्र कुमार उपस्थित हुये। उन्होंने आरती में भाग लेकर बजरंग बली का आशीर्वाद लिया और समिति के इस आयोजन की दिल खोलकर प्रशंसा की। कार्यक्रम समापन के पश्चात उपस्थित सभी भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया और राष्ट्र, समाज व परिवार के कल्याण की प्रार्थना की गई।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में भारत सामूहिक मंगलाआरती समिति के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
