
कतरास: बुधवार को धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह कतरास थाना अंतर्गत छाताबाद मैदान के समीप हुई भयावह भू-धंसान की घटना का निरीक्षण करने प्रभावित क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद श्री सिंह ने कहा कि छाताबाद की यह त्रासदी कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि बीसीसीएल की वर्षों की घोर लापरवाही, अवैज्ञानिक खनन, प्रशासनिक उदासीनता और भाजपा जनप्रतिनिधियों की चुप्पी का परिणाम है। जिसके कारण आज लगभग 75 परिवारों के 700 से अधिक लोगों का जीवन खतरे में है। श्री सिंह ने धनबाद के सांसद और बाघमारा के विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने उन्हें अपनी सुरक्षा और विकास के लिए चुना था, लेकिन संकट की इस घड़ी में दोनों जनप्रतिनिधि पूरी तरह नदारद हैं। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले आज पीड़ित परिवारों के आंसू पोंछने तक नहीं पहुंचे। उनकी चुप्पी और निष्क्रियता जनता कभी माफ नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी मांग करती है कि सभी प्रभावित परिवारों का तत्काल सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास किया जाए। प्रत्येक परिवार को सम्मानजनक मुआवजा और स्थायी आवास उपलब्ध कराया जाए। भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों का वैज्ञानिक सर्वे कर स्थायी समाधान किया जाए। बीसीसीएल के जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाए।
श्री सिंह ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजे और सुरक्षा को लेकर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी बीसीसीएल, जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और सरकार की होगी। मौके पर
जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह,के साथ शौकत खान, पार्षद शहाबुद्दीन अंसारी, जिला काँग्रेस सचिव सबीर आलम उर्फ पप्पू, आकाश प्रमाणिक, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मो शयूम खान, नियाम, मो शमीम, मोईम, छोटू उर्फ अफसर सहीत सैकडो समर्थक मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो का किया विरोध
घटना का जायजा लेने पहुंचे पूर्व मंत्री एवं बाघमारा के पूर्व विधायक जलेश्वर महतो का ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। आक्रोशित लोगों ने जलेश्वर महतो मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके बाद पूर्व मंत्री वहां से चले गए।
