
कतरास: कैलूडीह स्थित जीटीएस डेको आउटसोर्सिंग कंपनी की कथित लापरवाही के कारण बुधवार शाम करीब 7:30 बजे एक आम राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान पचगढ़ी बाजार के सब्जी विक्रेता मो. छोटू के रूप में हुई है। उनका इलाज कतरास के चौधरी नर्सिंग होम में चल रहा है।
बताया जाता है कि मो. छोटू पचगढ़ी बाजार से सब्जी बेचकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आगरडीह जाने वाले मार्ग पर आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा ओबी (ओवरबर्डन) डाला जा रहा था। आरोप है कि ओबी के अंदर आग सुलग रही थी, जिसकी जानकारी राहगीरों को नहीं थी। जैसे ही मो. छोटू की मोटरसाइकिल ओबी पर चढ़ी, उसमें आग लग गई। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई। उनकी मोटरसाइकिल पर उनका छोटा बेटा भी सवार था, जो बाल-बाल बच गया। इस घटना में मो. छोटू की मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई तथा उनके दोनों पैर बुरी तरह झुलस गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए कतरास के चौधरी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
घायल मो. छोटू का आरोप है कि घटना के बाद आउटसोर्सिंग कंपनी के प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे, लेकिन कोई आर्थिक सहायता नहीं दी। उन्होंने केवल इलाज का खर्च बाद में देने का आश्वासन दिया। पीड़ित ने कहा कि वह रोज कमाने-खाने वाला व्यक्ति है। हादसे के कारण न तो वह काम कर पा रहा है और न ही परिवार का भरण-पोषण कर पा रहा है, जिससे परिवार के सामने आर्थिक संकट और भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
पीड़ित एवं स्थानीय लोगों ने आउटसोर्सिंग कंपनी की कथित लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा घायल को उचित मुआवजा एवं इलाज का पूरा खर्च उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, इस संबंध में कंपनी का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।
