
कतरास: राजेंद्र कन्या मध्य विद्यालय, कतरास में सामाजिक कल्याण विभाग (झारखंड सरकार) की योजना के तहत छात्र-छात्राओं के बीच नि:शुल्क साइकिल का वितरण किया गया। यह साइकिलें कल्याण विभाग, बागमारा प्रखंड द्वारा विद्यालय को उपलब्ध कराई गई हैं।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेश कुमार मुरली ने जानकारी देते हुए बताया कि सत्र 2025-26 में कक्षा 8 में अध्ययनरत रहे कुल 121 विद्यार्थियों के लिए ये साइकिलें प्राप्त हुई हैं। इनमें वर्तमान में कक्षा 9 में पढ़ रहे तथा उच्च शिक्षा के लिए अन्य स्कूलों में स्थानांतरित हो चुके बच्चे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कई विद्यार्थियों को साइकिलें सौंपी जा चुकी हैं, जबकि शेष बच्चों के उपस्थित होने पर उन्हें साइकिलें दी जा रही हैं।

पैसे लेने के आरोपों को बताया बेबुनियाद
सोशल मीडिया पर साइकिल वितरण के बदले पैसे लिए जाने की चर्चाओं का कड़ाई से खंडन करते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक ने कहा कि विद्यालय को बदनाम करने एवं निजी हित साधने की नीयत से ऐसी भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बच्चे से एक भी रुपया नहीं लिया गया है और न ही भविष्य में कभी लिया जाएगा। यह पूरी तरह नि:शुल्क सरकारी योजना है।
छात्रों ने भी पैसे देने या मांगे जाने की बात से किया इनकार
साइकिल प्राप्त करने वाले नैतिक यादव, कृष्णा रजवार, बिष्णु रजवार, मो आफताब, साहिल अंसारी सहित दर्जनों बच्चों ने बताया कि स्कूल में साइकिल दिया जा रहा है। छात्र-छात्राओं ने भी शिक्षकों द्वारा पैसे लिए जाने की बात को पूरी तरह गलत और बेबुनियाद बताया। बच्चों ने कहा कि उन्हें बिना किसी शुल्क के साइकिल उपलब्ध कराई गई है। साइकिल मिलने से छात्र-छात्राओं के चेहरे पर खुशी साफ देखी गई।
