
कतरास/धनबाद : नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद धनबाद नगर निगम एवं चिरकुंडा नगर परिषद के 1019 बूथों से प्राप्त सभी मतपेटिकाएँ सुरक्षित रूप से राजकीय पॉलिटेक्निक धनबाद स्थित रिसीविंग सेंटर पहुंचाई गईं। आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद मतपेटिकाओं को निर्धारित स्ट्रांग रूम में रखने की प्रक्रिया देर रात तक चलती रही। सुरक्षा व्यवस्था के तहत धनबाद नगर निगम के वार्ड 1 से 55 तथा चिरकुंडा नगर परिषद के वार्ड 1 से 21 तक की मतपेटिकाओं के लिए अलग-अलग स्ट्रांग रूम चिन्हित किए गए थे। सभी मतपेटिकाओं को सुरक्षित रखने के बाद संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम को सील कर दिया गया। सुबह लगभग 3:30 बजे अंतिम स्ट्रांग रूम सील किया गया।

स्ट्रांग रूम सीलिंग के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे तथा महापौर पद के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार मौजूद रहे। साथ ही महापौर एवं अध्यक्ष पद के अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।मतगणना की तिथि तक स्ट्रांग रूम थ्री लेयर सिक्योरिटी में रहेगा। भीतरी सुरक्षा में झारखंड आर्म्ड पुलिस तथा बाहरी दो परतों में जिला पुलिस बल की तैनाती की गई है।
