मकर संक्रांति पर कतरी नदी तट बनेगा लोकसंस्कृति का केंद्र
मकर संक्रांति पर कांको मोड़ स्थित कतरी नदी तट पर लगेगा भव्य टुसू मेला
कतरास : मकर संक्रांति के पावन अवसर पर कांको मोड़ के समीप कतरी नदी तट पर पहली बार भव्य टुसू मेला का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर ग्रामीणों एवं शहीद मनिंद्र नाथ मंडल पर्यटक स्थल समिति की एक अहम बैठक सोमवार को सम्पन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे सुशील सिंह ने कहा कि लुप्त होती जा रही हमारी लोक संस्कृति को बचाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि पूर्वजों के समय से इस क्षेत्र में टुसू मेला की परंपरा रही है, जिसे पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जा रहा है।
समिति के सदस्य प्रफुल्य मंडल ने जानकारी दी कि मेला के दौरान श्रद्धालुओं के बीच चूड़ा-दही का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में बाघमारा विधायक शत्रुध्न महतो की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
युवा समाजसेवी राजू मंडल ने आसपास के लोगों से मेला में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की। मकर संक्रांति के दिन कतरी नदी में विधि-विधान से स्नान एवं पूजा-अर्चना की जाएगी।
मौके पर छोटन रजक, राजू मंडल, प्रफुल्ल मंडल, लखीकांत मंडल, गुणधार मंडल, सुनील मंडल, रबिन मोदक, विकास मंडल रमेश मंडल, अर्जुन मलिक समेत कई शामिल रहे।

