
रामराज मंदिर के समीप बंद खदान में फिर शुरू हुआ अवैध कोयला खनन
हर रोज निकलता है 15-20 ट्रक कोयला, भेजा जाता है बंगाल, बिहार और यूपी
कतरास: सोनारडीह ओपी क्षेत्र के बहियारडीह में बंद पड़े खदान में कोयला का काला खेल फिर शुरू हो गया है। कोयला तस्करों के द्वारा हरा तिरपाल का आड़ लगाकर धड़ल्ले से अवैध कोयला खनन किया जा रहा है। एक तरफ जहां हाल ही में अवैध कोयला खनन के दौरान केशरगढ़ा, जोगता और रामकनाली में चाल धंसने की बड़ी घटना हुई। वहीं दूसरी और बरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिटाही में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो के आवास के समीप तथा सोनारडीह अंतर्गत मुराईडीह से राम मंदिर जाने के क्रम में बहियारडीह के समीप स्थित बंद पड़े खदान में धड़ल्ले से सैकड़ों बाहरी मजदूरों को बुलाकर बड़े पैमाने में अवैध रूप से कोयला खनन एवं भंडारण किया जा रहा है। मौके पर पड़ी हजारों बोरी कोयला इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र में किस तरह से राष्ट्र संपत्ति की लूट हो रही है और प्रशासन बेखबर है। मिली जानकारी के अनुसार हर रोज 15 से 20 गाड़ी कोयला जाली पेपर बनाकर रात के अंधेरे में पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के लिए निकाला जाता है।
*कोयला चोरी को लेकर बाबूलाल मरांडी एवं ढुलू महतो ने भी प्रशासन व राज्य सरकार पर साधा है निशाना*
बाघमारा के कई थाना क्षेत्रों में इन दिनों धड़ल्ले से अवैध कोयला का काला कारोबार जारी है। कुछ दिन पहले ही झारखंड के पहले मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने बाघमारा में हो रहे कोयले की लूट को लेकर बड़ा बयान देते हुए धनबाद जिला प्रशासन एवं बाघमारा के कई भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कोयले की लूट में इनको साझेदारी बताया। वही बाघमारा के पूर्व विधायक एवं वर्तमान धनबाद सांसद ढुलू महतो ने भी भाजपा आक्रोश मार्च के दौरान कोयला चोरी को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए उन्हें कटघरे में खड़ा किया था। हालांकि उनके खुद के घर के पीछे तथा उनके यश का प्रतीक प्रसिद्ध रामराज मंदिर चिटाही धाम के समीप हो रहे अवैध कोयला खनन पर वे अब तक खामोश है। सवाल उठ रहे हैं कि स्थानीय पुलिस एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि को इस अवैध कारोबार की खबर अब तक कैसे नहीं है। वहीं स्थानीय लोगों को इस बात का डर है कि यदि इस अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगाया गया तो कहीं रामकनाली, केशरगढ़ा और जोगता जैसी स्थिति का सामना उनलोगों को भी न करना पड़े।
