
बीसीसीएल एरिया-3 की कोलमुरना बस्ती में मूलभूत सुविधाओं में संकट, ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन
कतरास/धनबाद।
बीसीसीएल एरिया-3 अंतर्गत ब्लॉक-4 कोलियरी में कोलमुरना बस्ती के ग्रामीणों ने मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बस्ती में पिछले 20 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। बिजली नहीं रहने के कारण पेयजल संकट गहरा गया है, वहीं रात होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल बना रहता है।
बस्ती की महिलाओं ने बताया कि बच्चों के फाइनल एग्जाम नजदीक हैं, लेकिन बिजली नहीं होने से पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है। मोबाइल चार्जिंग, पानी, रसोई और सुरक्षा—हर स्तर पर ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट के कारण पूरे गांव का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
सूचना मिलने पर परियोजना पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि फिलहाल 100 केवी ट्रांसफार्मर के माध्यम से बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। अधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम आंदोलन समाप्त किया।
हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे फिर से आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
#protest
#bccl
#katras
#dhanbad




