
कतरास: श्री कृष्णा मातृ सदन, रानी बाजार कतरास की 22वीं वर्षगांठ के अवसर पर अस्पताल को आकर्षक फूलों से सजाया गया। स्थापना दिवस के मौके पर अस्पताल परिसर में उत्सव का माहौल रहा। इस अवसर पर संचालक डॉ. शिवानी झा की मौजूदगी में केक काटकर वर्षगांठ मनाई गई। अस्पताल के चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों ने एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान लोगों के बीच मिठाइयां बांटी गईं और निःशुल्क बीएमडी टेस्ट (हड्डी की जांच) की जांच की गई।
पिछले 22 वर्षों से श्री कृष्णा मातृ सदन स्त्री रोग एवं मातृ स्वास्थ्य के क्षेत्र में दे रही है सेवा – डॉ शिवानी झा
क्षेत्र के जानेमाने चिकित्सक सह श्री कृष्णा मातृ सदन अस्पताल की संचालिका डॉ शिवानी झा ने कहा कि
27 अगस्त 2004 को स्थापित यह अस्पताल पिछले 22 वर्षों से स्त्री रोग एवं मातृ स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा है। इस दौरान अस्पताल ने क्षेत्र की महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और हज़ारो माताओं की गोद में किलकारी भरी है।
श्रीमति झा ने कहा कि जब हमने 2004 में अस्पताल की नींव रखी थी उस समय जो मूलभूत समस्या थी आज वह समस्या जस की तस् है। यदि किसी मरीज को ब्लड की जरूरत पड़ती है तो धनबाद और बोकारो जाना पड़ता है। इसलिए कतरास में ब्लड बैंक का होना काफी जरूरी है।
इस मौके पर डॉ. शिवानी झा ने अस्पताल से जुड़े सभी चिकित्सकों, कर्मचारियों, मरीजों एवं शुभचिंतकों का आभार जताया और भविष्य में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
