
कतरास/धनबाद : बीसीसीएल एरिया 3 के आकाश किनारी कोलियरी अंतर्गत कैलूडीह छाताबाद में संचालित एसटीजी डेको आउटसोर्सिंग कंपनी का मजदूरों से भरा एक सर्विस वैन मंगलवार को अकस्मात पलट गया, जिससे ड्यूटी पर जा रहे तकरीबन आधा दर्जन मजदूरों के घायल होने की सूचना है। इस घटना ने एसटीजी डेको आउटसोर्सिंग कंपनी में कर्मियों की सुरक्षा और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना में मो. जाहिद, सुमित कुमार, दुलाल, बबलू अंसारी सहित अन्य लोगों के घायल होने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों की मदद से सभी घायलों को तत्काल स्थानीय निजी अस्पताल पहुंचाया गया। समाचार लिखे जाने तक उनका इलाज जारी है।
आउटसोर्सिंग प्रबंधक ने घटना से किया इनकार, मीडिया के सवालों का जवाब दिए बिना मौके से निकले
हादसे के बाद आउटसोर्सिंग प्रबंधक वाई.के. सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यू पॉइंट से ही स्थिति का जायजा लिया। मीडिया के सवाल पर उन्होंने घटना से इनकार करते हुए और मीडिया के सवालों का ठीक से जवाब दिए बिना ही अपनी गाड़ी में बैठकर निकल गए।
तस्वीरे, वीडियो और अस्पताल में ईलाजरत घायल मजदूर स्पष्ट रूप से कर रहे हैं घटना की पुष्टि
वहीं दूसरी ओर तस्वीरे, वीडियो और अस्पताल में ईलाजरत घायल मजदूर स्पष्ट रूप से घटना की पुष्टि कर रही है। ऐसे में प्रबंधन की इस टिप्पणी से कंपनी के मजदूरों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश और असंतोष देखा जा रहा है।
वहीं मौके पर मौजूद बीसीसीएल की सेफ्टी मैनेजमेंट टीम के सदस्य आर.के. तिवारी ने बताया कि घटना में करीब 6 लोग घायल हुए हैं और उन्हें निजी अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस घटना की जवाबदेही आउटसोर्सिंग प्रबंधक और संचालक की है, क्योंकि मजदूरों से बिना समुचित सेफ्टी इक्यूपमेंट के काम लिया जा रहा है। कुछ मजदूरों ने बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से यहां कार्यरत हैं, लेकिन न तो उन्हें एचपीसी के अनुरूप वेतन मिल रहा है और न ही कंपनी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करा रही है। उनका कहना है कि मजदूर अपने निजी जूते और अन्य सामग्री का उपयोग करने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों ने मनमाने तरीके से कंपनी चलाने का लगाया आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधक मनमानी तरीके से कंपनी चला रही है। बिना अनुमति के ही पी डब्ल्यू डी की सड़क पर कंपनी का भारी वाहन को चलाया जा रहा है। वाहनों में ओवर लोड ओबीआर भरकर कतरास भटमुरना मुख्य मार्ग को पार किया जाता है। मार्ग में अक्सर साधारण वाहनों एवं आमलोगों का आवागमन होता रहता है। जिसके कारण कभी भी जानलेवा घटना घट सकता है। यदि ऐसा घटना हुआ तो घटना का जिम्मेदार कौन होगा?
इस प्रकार की घटना ने फिर एक बार आउटसोर्सिंग कंपनियों में मजदूरों की सुरक्षा, अधिकार और प्रबंधन की संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा कर दिया है।
