
दूसरे के डीड पर रुकवा देवी के जमीन का भूमाफियाओं ने किया वारा न्यारा
कतरास: इन दिनों धनबाद जिले के कतरास में जमीन हेरा फेरी का कई मामला देखने सुनने को मिल रहा है। कतरास के जाने-माने जमीन कारोबारी हरि मोहन सिंह एवं अन्य पर जमीन का फर्जीवाड़ा करने का एक और गंभीर आरोप लगा है।
कतरास थाना अंतर्गत मानसिंह कुरवा निवासी रुकवा देवी की 30 डिसमिल पुस्तैनी जमीन को बेनी राय ने कतरास बाजार तिलाटांड़ निवासी रूपेश कुमार पिता पंकज कुमार, एवं मनोज कुमार महतो पिता सरजू महतो को बेच दिया है। रैयत रुकवा देवी, निंदिया देवी, सरिता देवी कौशल्या देवी आदि घर की महिला सदस्यों ने बताया कि उक्त जमीन उनकी पुस्तैनी जमीन है और वे लोग उक्त जमीन पर खेती करते आ रहे हैं।

मामले को लेकर प्रेस वार्ता करते हुए रुकवा देवी के पुत्र मनोहर राय ने बताया कि कतरास थाना अंतर्गत मानसिंह पुरवा मौजा नंबर- 114, पुराना खाता नंबर- 1 पुराना प्लॉट नंबर- 112, नया खाता- 3 एवं नया प्लॉट नंबर – 167 रकवा 30 डिसमिल जमीन को बेनी राय, रूपेश कुमार, पंकज सिंह, हरि मोहन सिंह, मनोज कुमार महतो, लोकनाथ राय उर्फ टिंकू राय एवं जितेंद्र केवट ने षड्यंत्र एवं धोखाधड़ी कर फर्जी दस्तावेज और फर्जी दलील के आधार पर हम लोगों के जमीन का खरीद बिक्री कर लिया है। जबकि उक्त जमीन का लगान रसीद भी निर्गत किया गया है एवं हमारे पूर्वज के नाम पर अभी भी जमाबंदी कायम है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी कतरास थाना, धनबाद उपायुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को दिए की गई है तथा इस संबंध में सिविल कोर्ट धनबाद में मुकदमा भी दायर कर दिया गया है।

अवैध खरीद बिक्री का मास्टरमाइंड है हरि मोहन सिंह और टिंकू राय- सुभाष राय(पूर्व जिप सदस्य)
प्रेस वार्ता में मौजूद पूर्व जिला परिषद सदस्य सुभाष राय ने कहा कि भूमाफियाओं के द्वारा खरीद बिक्री किए गए जमीन के डीड का सत्यापित प्रति निकालने पर ज्ञात हुआ कि डीड संख्या 18083 के आधार पर खरीद बिक्री की गई है जो कि 1970 में बना है। लेकिन डीड संख्या 18083 को कोर्ट से निकाला तो यह स्पष्ट हुआ कि उक्त जमीन और डीड का इस जमीन और इसके रैयत से कोई लेना देना ही नहीं है। उक्त डीड का संबंध पांडेडीह नामक किसी अन्य स्थान से है न कि मानसिंह कुरवा के इस जमीन से। पूर्व जिप सदस्य सुभाष राय ने बताया कि भूमाफिया हरि मोहन सिंह, उसका बेटा पंकज सिंह एवं उसका बेटा रूपेश सिंह और राहुल कुमार और उसका पूरा परिवार गरीब, कमजोर, शोषित और वंचित परिवारों को टारगेट कर उसके जमीन का जाली और फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसके जमीन का लूट खसोट करता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में तिलाटांड़ निवासी एक सिंह परिवार के जमीन को भी फर्जी तरीका से खरीद बिक्री किया है। जिसकी शिकायत उन्होंने भी अधिकारियों से किया है। सुभाष राय ने इस पूरे अवैध खरीद बिक्री का मास्टरमाइंड टिंकू राय एवं हरिमोहन सिंह को बताया। कहा कि यदि इन भूमाफियाओं पर उच्च स्तरीय जांच होती है तो जमीन फर्जीवाड़े के और भी कई मामले सामने आएंगे। रैयतों ने प्रशासन और सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने का मांग किया।
मुझे धोखे में रखकर गुमराह कर हस्ताक्षर करवाया गया – बेनी राय
वहीं द्वितीय पक्ष के लगभग 65 वर्षीय बेनी राय भी प्रेस वार्ता में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मुझे मेरा भांजा टिंकू राय ने धोखे में रखकर गुमराह कर दूसरे की जमीन को अपना बताकर बिक्री करवा दिया है। वहीं क्रेता पक्ष ने फिलहाल मामले में कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है।
