
कतरास: सोमवार को झारखंड के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रवि कुमार का कतरास दौरा हुआ। इस दौरान वे राजेन्द्र कन्या मध्य विद्यालय कतरास और भगत सिंह चौक स्थित खंडेलवाल स्कूल पहुंचे। मौके पर उपस्थित बीएलओ एवं संबंधित लोगों से एसआईआर कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान डालसा के निदेशक, अंचल अधिकारी बाघमारा गिरिजा नन्द किस्कू, प्रखंड विकास पदाधिकारी लक्ष्मण यादव, राजेन्द्र कन्या मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक राकेश कुमार मुरली शिक्षक शिक्षिकाएं एवं कई बीएलओ कर्मी उपस्थित थे।
बता दें कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत नोटिस, दावों और आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया अलग-अलग राज्यों में अलग अलग शेड्यूल के अनुसार शुरू हो रही है। झारखंड में यह कार्य कब शुरू हो रहा है इसकी जानकारी देते हुए झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि राज्य में नो-मैपिंग (No-Mapping), तार्किक विसंगति और अन्य श्रेणियों में आने वाले मतदाताओं के मामलों की सुनवाई 24 अगस्त 2026 से शुरू हो रही है। जिन मतदाताओं को नोटिस मिलेगा, उन्हें जवाब देने या उपस्थित होने के लिए 7 दिन का समय दिया जाएगा। वहीं दावों और आपत्तियों के निस्तारण (Disposal) की प्रक्रिया 3 अक्टूबर 2026 तक पूरी की जाएगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एसआईआर मैपिंग कार्य में कतरास के कुछ बीएलओ का कार्य संतोषजनक नहीं रहा है। कई मतदाताओं की शिकायतें भी सामने आई। कुछ बीएलओ कर्मी पर कार्य के दौरान लापरवाही का आरोप भी लगाया गया।
