
कतरास: कतरास स्थित तिलाटांड़ बीसीसीएल अस्पताल की जर्जर स्थिति को लेकर बाघमारा विधायक प्रतिनिधि विवेक कुमार हजारी ने बीसीसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल को पत्र लिखकर अस्पताल की मरम्मत एवं चिकित्सा सुविधाओं में सुधार की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि अस्पताल भवन की स्थिति काफी खराब हो चुकी है, जिससे बीसीसीएल कर्मियों, उनके परिवारों और क्षेत्र के आम नागरिकों को इलाज कराने में भारी परेशानी हो रही है। अस्पताल में कई आवश्यक विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी है तथा जरूरी चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता और कई बार उन्हें अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है।

विवेक कुमार हजारी ने मांग की है कि अस्पताल भवन की शीघ्र मरम्मत एवं नवीनीकरण कराया जाए तथा जनरल मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र और दंत विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाए। साथ ही एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी, पैथोलॉजी लैब, डिजिटल ब्लड रिपोर्टिंग और एम्बुलेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं।
इसके अलावा अस्पताल में दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। उन्होंने अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि 30 दिनों के भीतर अस्पताल की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
